CNG-PNG Price Cut: अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने कई शहरों में कुकिंग गैस और वाहन ईंधन की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। अडानी ग्रुप और टोटल एनर्जीज के जॉइंट वेंचर ATGL के इस फैसले से घरों में पाइप्ड गैस इस्तेमाल करने वालों और CNG से चलने वाली गाड़ियों के मालिकों को सीधा फायदा मिलेगा।
कीमतें क्यों घटीं और कितना सस्ता हुआ गैस
कंपनी के मुताबिक CNG और PNG के दाम अधिकतम 4 रुपये तक घटाए गए हैं। यह कमी पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड द्वारा ट्रांसपोर्टेशन चार्ज से जुड़े नियमों में बदलाव के बाद संभव हुई है, जिससे सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन की लागत कम पड़ी और उसका लाभ ग्राहकों तक पहुंचाया गया।
अलग-अलग राज्यों में कितना फर्क पड़ा
दामों में कटौती क्षेत्र के अनुसार तय की गई है। गुजरात और आसपास के मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में CNG करीब 50 पैसे सस्ती हुई है, जबकि PNG में अधिकतम 1.10 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर की कमी आई है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-NCR और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में CNG 1.40 से 2.55 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हुई है और PNG के रेट 1.10 से 4 रुपये तक घटाए गए हैं। मध्य और पूर्वी भारत के बाजारों में भी CNG में 1.81 से 4.05 रुपये प्रति किलो तक की कटौती देखी गई है, वहीं PNG की कीमतों में अधिकतम 4 रुपये प्रति यूनिट की कमी की गई है।
साफ ईंधन को बढ़ावा देने का मकसद
ATGL के मुताबिक यह बदलाव घरेलू रसोई और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में नेचुरल गैस को और किफायती बनाएगा। कंपनी का मानना है कि सस्ती CNG और PNG से लोग पेट्रोल-डीजल की बजाय क्लीन फ्यूल अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे, जिससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। नई दरें 1 जनवरी से लागू हो चुकी हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को अगली रिफिल या बिल में सीधा फायदा दिखाई देगा।